सेंध लेक पर हुड़दंगियों की उतरी हवा-36 से ज्यादा बाइकें जब्त, 59 चालान
आरंग। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पास स्थित सेंध लेक पर स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाने पहुंचे मनचलों को खतरनाक स्टंटबाजी और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाना भारी पड़ गया। छुट्टियों और विशेष अवसरों पर लेक किनारे जुटने वाले हुड़दंगियों की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मंदिर हसौद पुलिस ने 15 अगस्त को अचानक घेराबंदी कर दी।खाकी का सख्त रुख देखते ही मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। पुलिस ने सड़क पर तांडव मचा रहे तीन दर्जन से अधिक दोपहिया वाहनों को मौके पर ही जब्त कर लिया, जबकि नो-पार्किंग में गाड़ियां खड़ी करने वाले 59 वाहन चालकों का ई-चालान काटा।दरअसल सेंध लेक के आसपास का इलाका युवाओं के लिए स्टंटबाजी का अड्डा बनता जा रहा था। स्वतंत्रता दिवस पर किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर मंदिर हसौद पुलिस ने लेक और स्टेडियम पहुंच मार्ग पर मजबूत घेराबंदी की। जांच के दौरान कई युवक जान जोखिम में डालकर तेज रफ्तार में बाइक से खतरनाक करतब दिखाते मिले, तो कई दोपहिया वाहनों पर तीन-तीन सवारी बैठाकर फर्राटा भर रहे थे। पुलिस ने ऐसे सभी सिरफिरे चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की।कार्यवाही की जद में कई नाबालिग भी आए, जो फर्राटेदार गाड़ियां दौड़ा रहे थे। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उनके पालकों को तत्काल थाने तलब किया और कड़ी समझाइश दी। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को स्पष्ट चेतावनी दी कि कम उम्र के बच्चों को वाहन देना सीधे तौर पर कानून का उल्लंघन है, जो न केवल बच्चों बल्कि आम राहगीरों की जान के लिए भी बड़ा खतरा है। इसके साथ ही मौके पर मौजूद वाहन चालकों को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने और तय सीमा में ही सवारी बैठाने की सख्त हिदायत दी गई।मंदिर हसौद निरीक्षक आशीष यादव ने बताया कि सेंध लेक और आसपास के क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह कार्रवाई की गई है। सार्वजनिक स्थलों पर स्टंटबाजी और हुड़दंग को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पुलिस का यह विशेष चेकिंग अभियान आगे भी इसी तरह पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
विनोद गुप्ता-आरंग




