ब्रह्माकुमारीज में पांच दिवसीय चैतन्य झांकी का हुआ समापन-उमड़े श्रद्धालु
आरंग।शारदीय नवरात्र के अवसर पर गुड़ियारी पारा स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्व विद्यालय में 14 से प्रारम्भ 5 दिवसीय 5 चैतन्य देवियों की अलौकिक झांकी का रविवार को समापन हुआ। अंतिम दिन भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु झांकी के दर्शन करने पहुंचे।समापन दिवस पर भगवताचार्य ध्रुव कुमार शुक्ला, दीनदयाल कॉलोनी के अध्यक्ष अनिल ठाकुर, संरक्षक मदन साहू, कोषाध्यक्ष भोला प्रसाद, डॉ. एम.एल. साहू, नारा के पूर्व सरपंच ध्रुव कुमार चंद्राकर और पवन कुमार देवांगन ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।झांकी में मां दुर्गा, मां लक्ष्मी, मां सरस्वती, मां उमा देवी और मां काली के चैतन्य स्वरूपों का मनोहारी प्रदर्शन किया गया। देवियों के सजीव स्वरूपों को देखकर श्रद्धालु भावविभोर हुए और भक्तिमय वातावरण में दर्शन किए।इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी संस्थान की लता बहन जी ने बताया कि झांकी का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सतयुग में देवियों के दिव्य स्वरूप की स्मृति कराना है। भारतीय संस्कृति में देवियों का विशेष महत्व रहा है। चैतन्य झांकी के माध्यम से लोगों में देवी-देवताओं के प्रति आस्था जागृत करने और सनातन संस्कृति के आध्यात्मिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।पांच दिवसीय आयोजन के अंतिम दिन संस्थान की ओर से श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही सभी को शारदीय नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की गई।
विनोद गुप्ता-आरंग



