दाई के दुलरवा नवरत्न जस झांकी ने बांधा समां-दाई के गीतों पर झूमने लगे दर्शक-01-2 किलोमीटर दूर वाहन खड़े कर पैदल पहुंचे श्रद्धालु
आरंग।नवरात्रि के पावन पर्व पर मां दुर्गा की भक्ति और जसगीतों की गूंज से ग्राम गुजरा का माहौल भक्तिमय हो उठा। 17 अक्टूबर की रात नवजागरण दुर्गोत्सव समिति द्वारा नवरात्रि सप्तमी के अवसर पर आयोजित जस झांकी में पटपर के दाई के दुलरवा नवरत्न जस झांकी परिवार ने अपनी शानदार प्रस्तुति से ऐसा समां बांधा कि दर्शक अपनी जगह पर खड़े होकर झूमने और थिरकने को मजबूर हो गए। दाई के गीतों की मधुर धुन, भक्तिमय माहौल और कलाकारों की आकर्षक प्रस्तुति ने देर रात तक दर्शकों को बांधे रखा।जसगीतों की प्रस्तुति शुरू होते ही कार्यक्रम स्थल पर मौजूद श्रद्धालु भक्ति और उत्साह में डूब गए। मां दुर्गा की महिमा का गुणगान करते गीतों ने वातावरण में धार्मिक उल्लास भर दिया। जस झांकी परिवार की प्रस्तुति का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ आसपास के गांवों से भी लोग पहुंचे। जैसे-जैसे कार्यक्रम आगे बढ़ता गया, वैसे-वैसे दर्शकों का उत्साह भी बढ़ता गया। दाई के गीतों पर झूमते दर्शकों और जयकारों से पूरा आयोजन स्थल भक्तिमय नजर आया।ग्राम गुजरा में आयोजित इस जस झांकी कार्यक्रम के प्रति लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। दर्शकों की भारी भीड़ के कारण कार्यक्रम स्थल के आसपास वाहनों की आवाजाही बढ़ गई। स्थिति ऐसी रही कि अनेक लोगों को अपने वाहन कार्यक्रम स्थल से करीब एक से दो किलोमीटर दूर खड़े करने पड़े। इसके बाद वे पैदल सफर तय कर जस झांकी देखने पहुंचे। लोगों की भीड़ और दूर-दूर तक खड़े वाहनों ने आयोजन की लोकप्रियता को बयां किया।
विनोद गुप्ता-आरंग



