प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय आरंग में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ दीपोत्सव मिलन समारोह
आरंग।प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, आरंग सेवाकेंद्र में दीपावली मिलन समारोह अत्यंत हर्षोल्लास, उमंग और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मन को एकाग्र करने वाले शांतिमय ईश्वरीय गीतों के साथ हुआ।समारोह को संबोधित करते हुए सेवाकेंद्र की संचालिका बी.के. लता दीदी ने आध्यात्मिकता और मानवीय संस्कारों पर आधारित विचार रखे। उन्होंने कहा कि दीपावली केवल बाह्य दीये जलाने और तड़क-भड़क का पर्व नहीं है, बल्कि यह अंतरात्मा में ज्ञान, पवित्रता और सद्गुणों का प्रकाश फैलाने का संदेश देता है। जब हम अपने भीतर की कमियों और कमजोरियों का त्याग कर श्रेष्ठ संस्कार व दिव्य गुण धारण करते हैं, वही वास्तव में सच्ची दीपावली है।
इस दीपोत्सव मिलन समारोह में आरंग सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों—रीवा, कुकरा, भानसोज, नारा, फरफौद, समोदा, गुल्लू और देवरी—से बड़ी संख्या में श्रद्धालु व गणमान्य नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में सभी आगंतुकों को ईश्वरीय प्रसाद और दीपावली की शुभकामनाएं दी गईं।
विनोद गुप्ता-आरंग





