ब्रेकिंग-भारतमाला प्रोजेक्ट में लगे तेज रफ्तार हाइवा ने युवक को रौंदा-मौके पर मौत-शव सड़क पर रख ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
आरंग-भारतमाला परियोजना में लगे भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार ने आज सुबह एक और जान ले ली। आरंग थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भिलाई में सुबह-सुबह नहाने के लिए निकले 35 वर्षीय युवक मनोज धीवर को तेज रफ्तार हाइवा ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, जिसे ग्रामीणों और पुलिस की मदद से ग्राम तामासिवनी के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया।
शव सड़क पर रख ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के शव को मुख्यमार्ग के बीचों-बीच रखकर सुबह 07 बजे से जोरदार चक्काजाम शुरू कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्रदर्शनकारी ग्रामीण मृतक के परिवार को तत्काल राहत राशि व उचित मुआवजा देने, दोषी चालक पर कड़ी कार्रवाई करने तथा क्षेत्र की सड़कों पर भारी वाहनों की वजह से हुए जानलेवा गड्ढों की तुरंत मरम्मत कराने की मांग पर अड़े हुए हैं।
प्रशासन मौके पर, समझाइश जारी
चक्काजाम की सूचना मिलते ही तहसीलदार और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारी आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराने और जाम खुलवाने के लिए लगातार समझाइश दे रहे हैं, हालांकि ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर सड़क पर डटे हुए हैं।
विनोद गुप्ता-आरंग

