रेत के कणों में झलकी रचनात्मकता-राष्ट्रपति मुर्मू और ₹200 के स्मारक सिक्के की आकर्षक कलाकृति बनी आकर्षण का केंद्र
आरंग। स्थानीय राधाकृष्ण मंदिर आरंग में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा पूज्य माता साहिबा देवी जी की जयंती के अवसर पर 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किए जाने पर छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध रेत कलाकार हेमचंद साहू ने अपनी कला के माध्यम से अनूठे ढंग से बधाई दी। उन्होंने रेत से राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू एवं 200 रुपये के स्मारक सिक्के की आकर्षक कलाकृति तैयार की।रेत कला के माध्यम से बनाई गई इस कलाकृति में कलाकार ने अपनी कल्पनाशीलता, सूक्ष्म कला कौशल और रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। साधारण रेत को कलात्मक स्वरूप देकर उन्होंने राष्ट्रपति द्वारा स्मारक सिक्का जारी किए जाने के महत्वपूर्ण अवसर को यादगार बनाने का प्रयास किया। कलाकृति के माध्यम से राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को शुभकामनाएं भी प्रेषित की गईं।कलाकार हेमचंद साहू ने बताया कि रेत के माध्यम से देश, समाज, संस्कृति और महत्वपूर्ण अवसरों को कलाकृति का रूप देना उनके लिए कला के साथ-साथ सम्मान और अभिव्यक्ति का माध्यम है। उनका उद्देश्य अपनी कला के माध्यम से महत्वपूर्ण घटनाओं और व्यक्तित्वों को जनमानस तक पहुंचाना है।रेत से तैयार की गई इस अनूठी कलाकृति को देखने के लिए स्थानीय लोगों में भी उत्सुकता रही। लोगों ने हेमचंद साहू की कला की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी रचनात्मक कला आरंग और छत्तीसगढ़ की प्रतिभा को पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
विनोद गुप्ता-आरंग



