आरंग-महासमुंद मार्ग पर अनियंत्रित होकर पलटी कार-पुलिस की मुस्तैदी से बची तीन लोगों की जान
आरंग। आरंग-महासमुंद मुख्य मार्ग पर बीती रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही आरंग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न केवल कार सवार तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, बल्कि मुख्य मार्ग पर यातायात को भी बाधित नहीं होने दिया।जानकारी के अनुसार, 12 नवंबर की रात लगभग 11:00 बजे आरंग पुलिस को सूचना मिली कि आरंग-महासमुंद रोड पर एक कार दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए आरंग थाना प्रभारी ने तत्काल एक पुलिस टीम को मौके के लिए रवाना किया।घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने राहत कार्य शुरू करते हुए कार में फंसे तीनों व्यक्तियों का हाल जाना। गनीमत रही कि इस भीषण हादसे के बावजूद कार में सवार तीनों लोग पूरी तरह सुरक्षित पाए गए और किसी को गंभीर चोट नहीं आई। पुलिस ने तत्काल दूसरे वाहन की व्यवस्था कर तीनों सवारों को सुरक्षित उनके गंतव्य की ओर रवाना किया।दूसरी ओर, नेशनल हाईवे पर दुर्घटना के कारण जाम की स्थिति न बने, इसके लिए पुलिस ने एनएचएआई (NHAI) की क्रेन मंगवाकर क्षतिग्रस्त कार को तुरंत सड़क से हटवाया। पुलिस की इस तत्परता के चलते रात के समय भी इस व्यस्त मार्ग पर आवागमन पूरी तरह सुचारू बना रहा।
विनोद गुप्ता-आरंग





