एग्रीस्टेक पोर्टल में बड़ी तकनीकी चूक-एक ही नाम के दो गांवों का डाटा आपस में बदला-टोकन के लिए भटक रहे किसान
आरंग। एग्रीस्टेक पोर्टल पर पंजीकृत किसानों के डाटा में हुई तकनीकी अदला-बदली दो गांवों के अन्नदाताओं के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। एक ही नाम के दो गांवों का रिकॉर्ड आपस में बदल जाने के कारण किसानों को धान खरीदी के लिए टोकन जारी नहीं हो पा रहा है। संबंधित विभागों को अवगत कराने के बावजूद अब तक इस त्रुटि को सुधारा नहीं गया है, जिससे दोनों गांवों के किसानों में भारी आक्रोश और निराशा व्याप्त है।
तहसील विभाजन के बाद ऑनलाइन मॉड्यूल में उलझा रिकॉर्ड
किसान संघर्ष समिति के संयोजक भूपेंद्र शर्मा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पूर्व में आरंग तहसील के अंतर्गत एक ही नाम के दो गांव— कुरूद-1 और कुरूद-2 आते थे। वर्तमान में मंदिर हसौद के नई तहसील बनने के बाद कुरूद-2 अब मंदिर हसौद तहसील के अंतर्गत शामिल हो गया है। आम बोलचाल में कुरूद-1 को ‘कुरूद (कुटेला)’ और कुरूद-2 को ‘कुरूद (मंदिर हसौद)’ के नाम से जाना जाता है। श्री शर्मा के अनुसार, एग्रीस्टेक पोर्टल के ऑनलाइन सोसायटी मॉड्यूल में इन दोनों गांवों के किसानों का ग्रामवार पंजीयन डाटा आपस में बदल गया है। इस गड़बड़ी की वजह से दोनों ही गांवों के किसान ऑनलाइन टोकन कटवाने से वंचित हो रहे हैं।
समिति प्रबंधकों की शिकायत के बाद भी नहीं सुधरी मैपिंग त्रुटि
तकनीकी जानकारों ने इसे पोर्टल की मैपिंग त्रुटि बताया है, जिसे सुधारने की जिम्मेदारी राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) की है। किसान संघर्ष समिति के संयोजक भूपेंद्र शर्मा ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि संबंधित सोसायटियों के समिति प्रबंधकों द्वारा इस गंभीर त्रुटि की ओर अधिकारियों का ध्यानाकर्षण पहले ही कराया जा चुका है। इसके बावजूद आज तक सुधार नहीं किया जाना घोर विभागीय लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की है कि किसानों की इस ज्वलंत समस्या को गंभीरता से लेते हुए पोर्टल की तकनीकी खामी को तत्काल दुरुस्त कराया जाए, ताकि किसान सुगमता से टोकन प्राप्त कर अपनी उपज बेच सकें।
विनोद गुप्ता-आरंग





