अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा और कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने किया आरंग, जरौद व भानसोज धान खरीदी केंद्रों का सघन निरीक्षण-किसानों से संवाद कर दिए आवश्यक निर्देश
आरंग। धान खरीदी व्यवस्थाओं को सुचारू और पारदर्शी बनाए रखने के उद्देश्य से अपर मुख्य सचिव एवं प्रभारी सचिव श्रीमती ऋचा शर्मा तथा रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने आरंग विकासखंड के अंतर्गत आने वाले आरंग, जरौद और भानसोज धान खरीदी केंद्रों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपार्जन केंद्रों में मौजूद व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और अनुभवों के बारे में जानकारी ली।।निरीक्षण की शुरुआत करते हुए अपर मुख्य सचिव श्रीमती शर्मा एवं कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह सबसे पहले आरंग धान खरीदी केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देशित किया कि धान बेचने आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और केंद्र में पेयजल, छाया तथा बैठक सहित सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं हर समय उपलब्ध रहनी चाहिए। इसके पश्चात अधिकारियों का दल जरौद धान खरीदी केंद्र पहुंचा, जहां धान के सुरक्षित भंडारण को देखते हुए उपार्जन केंद्र में ड्रेनेज और डनेज के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने के साथ-साथ ‘कृषक उन्नति योजना’ का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के विशेष निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के अगले चरण में वरिष्ठ अधिकारियों ने भानसोज धान खरीदी केंद्र का जायजा लिया और वहां मौजूद किसानों से सीधा संवाद कर टोकन कटने की प्रक्रिया के बारे में पूछा। इस पर किसानों ने संतुष्टि जताते हुए बताया कि टोकन आसानी से कट रहे हैं और धान विक्रय में किसी प्रकार की समस्या नहीं आ रही है। इसी दौरान श्रीमती शर्मा ने किसानों को आश्वस्त किया कि पिछले दिनों हुई बारिश से जिन किसानों की फसलों को क्षति पहुंची है, उन्हें नियमानुसार उचित राहत प्रदान की जाएगी। इस संपूर्ण निरीक्षण दौरे के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन तथा आरंग एसडीएम श्री रवि सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
विनोद गुप्ता-आरंग

