दिवाली पर दांव लगाना पड़ा भारी-आरंग पुलिस की बड़ी कार्रवाई-दो फड़ों से 13 जुआरी रंगे हाथ गिरफ्तार; ₹46,500 नकद बरामद
आरंग । दीपावली पर्व के मद्देनजर असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए रायपुर पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। पुलिस अधीक्षक रायपुर के सख्त निर्देश पर आरंग पुलिस द्वारा अवैध शराब, गांजा, जुआ-सट्टा और फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 4 नवंबर 2026 को मुखबिर की सटीक सूचना पर आरंग पुलिस की अलग-अलग टीमों ने दो अलग-अलग गांवों में एक साथ दबिश देकर जुआरियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। पुलिस ने दोनों फड़ों से ताश के पत्ते और कुल 46,500 रुपये नकद जब्त किए हैं। पहली कार्रवाई ग्राम रसनी के तालाब पार पर की गई, जहां पुलिस टीम ने घेराबंदी कर फड़ पर अचानक छापा मारा। पुलिस को देखते ही मौके पर भगदड़ की स्थिति बन गई, लेकिन मुस्तैद जवानों ने फड़ से सात आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में ग्राम रसनी निवासी केशव साहू (47 वर्ष), चन्द्रप्रकाश साहू (52 वर्ष), जितेन्द्र चन्द्राकर (45 वर्ष), हेमंत चन्द्राकर (20 वर्ष), दिनेश चन्द्राकर (48 वर्ष), प्रवीण अग्रवाल (46 वर्ष) और संतोष साहू (35 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और फड़ से कुल 36,000 रुपये नकद बरामद किए।दूसरी कार्रवाई में पुलिस टीम ने ग्राम गौरभाठ के तालाब पार पर चल रहे जुआ फड़ पर दबिश दी। यहां से ताश के पत्तों पर दांव लगाते हुए छह आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा गया। पकड़े गए आरोपियों में ग्राम गौरभाठ निवासी विरेन्द्र यादव (38 वर्ष), केदार साहू (33 वर्ष), विष्णु साहू (70 वर्ष), जागेश्वर साहू (38 वर्ष), वेदराम यादव (40 वर्ष) और उमेश कुमार साहू (41 वर्ष) शामिल हैं। इनके पास से पुलिस ने 10,500 रुपये नकद जब्त किए।आरंग पुलिस ने दोनों मामलों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध धारा 3(2) जुआ एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा तथा जुआ-सट्टा और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
विनोद गुप्ता-आरंग



