आयुर्वेद सेवा सम्मेलन-भाजपा नेत्री ने लिया मरणोपरांत अंगदान का पावन संकल्प
रायपुर/आरंग। राजधानी के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम में राज्यस्तरीय ‘आयुर्वेद सेवा सम्मेलन’ का आयोजन अत्यंत उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस विशेष कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे।सम्मेलन के दौरान आरंग ब्लॉक की अटल विहार निवासी भाजपा नेत्री श्रीमती आशा साहू (धर्मपत्नी रामनाथ साहू, फरफौद) ने मानव सेवा की मिसाल पेश करते हुए एक ऐतिहासिक पहल की। उन्होंने मुख्यमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति में मरणोपरांत अपना ‘अंगदान’ करने का संकल्प लिया, जिसकी चारों तरफ सराहना हो रही है।कार्यक्रम में स्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट और निरंतर सेवा देने वाले चिकित्सकों, मरणोपरांत अंगदान का संकल्प लेने वाले दानदाताओं तथा नियमित रूप से रक्तदान करने वाले सेवाभावियों को मंच पर सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने सभी सम्मानित विभूतियों के सामाजिक योगदान और सेवाभाव की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। इस भव्य आयोजन में राज्यभर से आए गणमान्य नागरिक, चिकित्सक और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। यह सम्मेलन स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ समाज में अंगदान जैसी महादान की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए एक मील का पत्थर साबित हुआ है।
विनोद गुप्ता-आरंग



