आरंग सीएमओ का हुआ स्थानांतरण-नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन के शिकायतों और कड़े रुख के बाद शासन का बड़ा फैसला
आरंग।नगर पालिका परिषद आरंग के CMO शीतल चन्द्रवंशी का अंततः स्थान्तरण हो ही गया। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन के शिकायतों और कड़े रुख के बाद शासन ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) श्रीमती शीतल चंद्रवंशी को आरंग से हटा दिया है। उन्हें तत्काल प्रभाव से चांपा (जांजगीर-चांपा) स्थानांतरित किया गया है।उनके स्थान पर चांपा के CMO रामसंजीवन सोनवानी आरंग नगर पालिका का प्रभार सम्हालेंगे। आपको बता दे की सीएमओ की प्रशासनिक मनमानी, छत्तीसगढ़ लोक सेवा आचरण अधिनियम के विरुद्ध कार्य करने, नगर पालिका परिषद को पूरी तरह से अंधेरे में रखकर और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को दरकिनार कर फैसले लिए जाने, शहर में पैर पसार रहे अवैध प्लाटिंग के कारोबार को प्रशासनिक शह देने, परिषद को बिना कोई जानकारी दिए और बिना किसी सहमति के नियमों को ताक पर रखकर अवैध प्लाटिंग के मामलों में धड़ल्ले से एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) जारी करने तथा सुशासन शिविर के दौरान खुद केबिनेट मंत्री के द्वारा दिए गए कड़े दिशा-निर्देशों और आदेशों की अवहेलना तथा गौ संवर्धन एवं संरक्षण के मामले में लापरवाही किये जाने की कड़ी शिकायत अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन द्वारा उच्च स्तर पर दर्ज कराई गई थी, जिस पर संज्ञान लेते हुए शासन ने यह कदम उठाते हुए साफ संदेश दे दिया है कि जनहित और परिषद की गरिमा से ऊपर कोई नहीं है।अध्यक्ष डॉ संदीप ने मीडिया से चर्चा करते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा कि आरंग की जनता ने हमें पारदर्शिता और शहर के सुनियोजित विकास की जिम्मेदारी सौंपी है। जब अधिकारी शासकीय आदेशों को ठेंगा दिखाने लगें और पद का दुरुपयोग कर मनमानी पर उतारू हो जाएं, तो ऐसी स्थिति में चुप बैठना जनता के साथ विश्वासघात होता है। सीएमओ के हटने और चांपा तबादले के खबर के बाद से आरंग नगर पालिका के गलियारों में हड़कंप का माहौल देखा जा रहा है।
विनोद गुप्ता-आरंग



