चपरीद को मिली करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात-कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने किया भूमिपूजन
आरंग। आरंग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत चपरीद में करोड़ों रुपये से अधिक की लागत के विभिन्न जनकल्याणकारी एवं बुनियादी विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन कर शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष टाकेश्वरी मुरली साहू ने इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन, सामाजिक आयोजन, शिक्षा एवं दैनिक आवश्यकताओं से जुड़ी बेहतर और आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी। समारोह के अंतर्गत ग्राम पंचायत चपरीद में बस स्टैंड निर्माण, सीसी रोड निर्माण, महतारी सदन निर्माण, मुक्तिधाम एवं प्रतीक्षा शेड निर्माण, किचन शेड तथा शासकीय उचित मूल्य की दुकान सहित अन्य विकास कार्यों की नींव रखी गई। आवागमन के लिए सुदृढ़ सड़क और बस स्टैंड बनने से ग्रामीणों की यात्रा सुगम होगी, वहीं महतारी सदन व प्रतीक्षा शेड सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों के लिए उपयोगी केंद्र बनेंगे। इसके साथ ही शासकीय उचित मूल्य की दुकान व किचन शेड जैसी सुविधाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सेवाओं का विस्तार होगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि विकास की रोशनी गांव-गांव तक पहुंचे और प्रत्येक नागरिक को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों, यही हमारा ध्येय है। उन्होंने कहा कि आरंग विधानसभा क्षेत्र में सड़क, सामुदायिक भवन एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के निर्माण को निरंतर गति दी जा रही है। जनसुविधाओं का विस्तार, गांवों का उत्थान और सर्वांगीण विकास ही सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके परिणामस्वरूप आज आरंग विधानसभा क्षेत्र निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित करते हुए प्रगति के स्वर्णिम अध्याय लिख रहा है। इस गरिमामयी अवसर पर मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष टाकेश्वरी मुरली साहू के साथ नगर पंचायत समोदा के अध्यक्ष छोटे लाल सोनकर, लखन साहू, बलिराम साहू, देवकुमार साहू, लुकेश साहू, प्रशांत चंद्राकर, नकुल साहू, खुलेश साहू, हितेश साहू, सोहद्रा उमेंद्र साहू, ललित साहू सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि गण, कार्यकर्ता साथी, ग्राम पंचायत के पंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
विनोद गुप्ता-आरंग





