कार्तिक पूर्णिमा-समोदा नदी तट पर कल सजेगी आध्यात्मिक चित्र प्रदर्शनी-श्रद्धालुओं को ब्रह्माकुमारी बहनें कराएंगी आध्यात्मिक रहस्यों से अवगत
आरंग। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर आगामी 24 नवंबर 2026, मंगलवार को ग्राम समोदा स्थित मेला स्थल (नदी तट के किनारे शिव मंदिर के पास) में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, समोदा द्वारा विशेष आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को भव्य ‘आध्यात्मिक चित्र प्रदर्शनी’ के माध्यम से जीवन और अध्यात्म के गहरे रहस्यों से अवगत कराया जाएगा।।संस्थान की ओर से जानकारी देते हुए बीके लता बहन ने बताया कि प्रदर्शनी के माध्यम से श्रद्धालुओं को यह आध्यात्मिक रहस्य समझाया जाएगा कि कार्तिक एक शिव वंशज हैं और उनके बाल ब्रह्मचारी रहने के पीछे क्या गूढ़ आध्यात्मिक महत्व है। प्रदर्शनी के अवलोकन के पश्चात सभी आगंतुकों एवं श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई है।यह आयोजन दो पालियों में संपन्न होगा, जिसमें प्रातःकालीन सत्र सुबह 3:00 बजे से 9:00 बजे तक तथा सायंकालीन सत्र दोपहर 3:00 बजे से रात्रि 7:00 बजे तक चलेगा। इस विशाल आध्यात्मिक सेवा कार्य को सफल बनाने के लिए आरंग, भानसोज, नारा, कुकुरा, रीवा, देवरी, गुल्लू, चपरीद, कुसमुंद, तुलसी और सकरी सहित आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से सेवाधारी भाई-बहनें विशेष रूप से पहुंचकर अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। संस्थान ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस आध्यात्मिक प्रदर्शनी का लाभ उठाने की अपील की है।
विनोद गुप्ता-आरंग





