कम पैदावार के बावजूद किसानों को मिलेगा पूरा हक-प्रति एकड़ 13,839 रुपये तक बोनस देगी साय सरकार-किसान मोर्चा ने जताया आभार
आरंग। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी एवं महासमुंद जिला सह प्रभारी गोविंद साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा किसानों के हित में की गई महत्वपूर्ण घोषणा का स्वागत करते हुए प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है।गोविंद साहू ने कहा कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी ने वादा किया था कि प्रदेश में सरकार बनने पर किसानों से 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार बनने के तत्काल बाद इस घोषणा पर अमल करते हुए आदेश जारी किया गया, जिसका लाभ लगातार तीन वर्षों से किसानों को मिल रहा है।
10 से 15 क्विंटल पैदावार वाले किसानों को मिलेगी बड़ी राहत
उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री ने अब एक और ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए उन किसानों को भी राहत देने की घोषणा की है, जिनकी प्रति एकड़ धान की पैदावार 10 से 15 क्विंटल के बीच होती है। अब ऐसे किसानों को भी 21 क्विंटल प्रति एकड़ के निर्धारित मानक के अनुरूप अंतर की राशि प्रदान की जाएगी। इस निर्णय के तहत किसानों को 659 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अंतर की राशि मिलेगी, जिससे 21 क्विंटल के मानक के हिसाब से प्रति एकड़ अधिकतम 13,839 रुपये का सीधा लाभ होगा।
प्रदेश भर के किसानों में खुशी की लहर
गोविंद साहू ने कहा कि यह निर्णय सरकार की किसान हितैषी सोच और अन्नदाताओं के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस घोषणा से प्रदेश के किसानों में भारी उत्साह है और विभिन्न क्षेत्रों में अन्नदाता मिठाई बांटकर व आतिशबाजी कर अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेश के समस्त किसान भाइयों की ओर से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का हृदय से धन्यवाद करते हुए उम्मीद जताई कि सरकार आगे भी किसानों की समृद्धि और आर्थिक मजबूती के लिए इसी तरह ठोस कदम उठाती रहेगी। अंत में उन्होंने “जय जोहार, जय श्रीराम” के उद्घोष के साथ मुख्यमंत्री का पुनः आभार जताया।इस अवसर पर वरिष्ठ नेता के. के. भारद्वाज, सूरज शर्मा, गणेश साहू, दिलीप जलक्षत्रि, विक्की साहू, खूबचंद साहू, सुशील जलक्षत्रि, अशोक चंद्राकर और तोषण साहू प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
विनोद गुप्ता-आरंग





