सरस्वती शिशु मंदिर आरंग में दीपावली मिलन समारोह संपन्न-सुवा, गौरा-गौरी और राउत नाचा की मनमोहक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
आरंग। स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर हाई स्कूल आरंग में डॉ. हेडगेवार बाल कल्याण समिति आरंग एवं विद्यालय परिवार के संयुक्त तत्वावधान में दीपावली मिलन समारोह अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस गरिमामय आयोजन में श्रीमती गोमती राजेत्री, श्रीमती उमेश्वरी साहू (अध्यक्ष, साहू समाज महिला प्रकोष्ठ) एवं श्रीमती झालीन साहू (सदस्य, पीपला फाउंडेशन ग्रुप) बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के शुभारंभ में विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का आत्मीय स्वागत व पारंपरिक अभिनंदन किया गया। समारोह के दौरान विद्यालय के भैया-बहनों ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवंत करते हुए सुवा नृत्य, गौरा-गौरी नृत्य एवं पारंपरिक राउत नाचा की शानदार प्रस्तुतियाँ दींनन्हे-मुन्ने बच्चों की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य दीपावली के पावन पर्व पर सामाजिक समरसता, आपसी प्रेम, सद्भाव एवं लोक सांस्कृतिक परंपराओं का संवर्धन करना रहा। उपस्थित अतिथियों ने विद्यालयीन वातावरण और बच्चों की अद्भुत प्रतिभा की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर साहू, व्यवस्थापक राजेश साहू,,उपाध्यक्ष विनोद गुप्ता सहित कमल नारायण देवांगन, कौशल चंद्राकर, कोषाध्यक्ष गणेश राम साहू, विद्यालय के प्राचार्य गोविन्द साहू, समस्त आचार्य-दीदियां, बड़ी संख्या में भैया-बहन एवं अभिभावकगण प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन एक-दूसरे को दीपोत्सव की शुभकामनाओं के आदान-प्रदान और सौहार्दपूर्ण वातावरण के साथ हुआ।कार्यक्रम का सफल संचालन सुषमा तिवारी ने किया
विनोद गुप्ता-आरंग



