आरंग के लक्ष्य चेलक का राज्य स्तरीय अंडर-17 क्रिकेट प्रतियोगिता में चयन
आरंग। गांधी इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल, आरंग के कक्षा 11वीं के होनहार छात्र लक्ष्य चेलक ने अंडर-17 वर्ग की राज्य स्तरीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता में जगह बनाकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। लक्ष्य ने संभाग स्तर पर शानदार खेल कौशल और हरफनमौला प्रदर्शन के दम पर चयनकर्ताओं को प्रभावित कर राज्य टीम में अपना स्थान पक्का किया।लक्ष्य की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य हरेश कुमार दास ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय के लिए यह अत्यंत गर्व का क्षण है। उन्होंने विश्वास जताया कि लक्ष्य राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर जगह बनाएंगे। विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं और सहपाठियों ने भी उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
लक्ष्य के पिता संजय चेलक और माता सुनीता चेलक ने बेटे की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि लक्ष्य बचपन से ही क्रिकेट के प्रति समर्पित रहा है और उसकी कड़ी मेहनत रंग लाई है।विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि संस्थान में शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी समान महत्व दिया जाता है, ताकि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास हो सके। लक्ष्य की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
विनोद गुप्ता-आरंग



