ब्रेकिंग्-आरंग के बीरबीरा गांव में सनसनीखेज वारदात-घर के अंदर बुजुर्ग दंपती की निर्मम हत्या
आरंग। 8 अक्टूबर। थाना आरंग क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बीरबीरा में आज गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक मकान में निवासरत बुजुर्ग पति-पत्नी की निर्मम हत्या कर दी गई है। इस दोहरे हत्याकांड की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी मच गई।मृतकों की पहचान बीरबीरा निवासी 65 वर्षीय सदासी राम साहू और उनकी 62 वर्षीय पत्नी आस बाती के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही आरंग थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल के मुआयने से प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि दोनों की हत्या किसी नुकीले और धारदार हथियार से की गई है। साक्ष्यों को सुरक्षित रूप से जुटाने के लिए मौके पर डॉग स्क्वायड और एफएसएल (FSL) की टीम को बुलाया गया। इन टीमों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत घटनास्थल की बारीकी से जांच पूरी कर ली है। फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया है और अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही इस हत्याकांड से जुड़ी आगे की विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
विनोद गुप्ता-आरंग



