जिला साहू संघ रायपुर ग्रामीण की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न-युवक-युवती परिचय सम्मेलन और सामूहिक विवाह के आयोजन पर हुई विस्तृत चर्चा
आरंग।जिला साहू संघ रायपुर ग्रामीण की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को ग्राम रीवां स्थित सामाजिक भवन में बेहद गरिमामय माहौल में संपन्न हुई। बैठक की मुख्य विशेषता समाज के युवाओं के लिए भविष्य में भव्य ‘युवक-युवती परिचय सम्मेलन’ और ‘आदर्श सामूहिक विवाह’ का आयोजन करने को लेकर हुई विस्तृत चर्चा रही, साथ ही संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया गया।बैठक के दौरान जिला साहू संघ रायपुर ग्रामीण के अध्यक्ष हीरामन साहू ने समाज के समक्ष पिछले 3 महीने का आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित सभी सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से सराहा गया।संगठन के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अध्यक्ष हीरामन साहू ने नई नियुक्तियों की घोषणा की। रीवां परिक्षेत्र साहू संघ से हेमनारायण साहू को संयुक्त सचिव (जिला रायपुर ग्रामीण) तथा ओंकार साहू को प्रचार मंत्री मनोनीत किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित विधायक इंद्र कुमार साहू ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र सौंपकर समाज हित में निष्ठापूर्वक कार्य करने की शपथ दिलाई।इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में अभनपुर क्षेत्र के विधायक इंद्र कुमार साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष हीरामन साहू ने की।इस दौरान संरक्षक पंचराम साहू व देवनाथ साहू, जिला उपाध्यक्ष पोषण साहू, महिला उपाध्यक्ष श्रीमती धनवती साहू और महामंत्री विशेष रूप से मौजूद रहे। रीवां परिक्षेत्र से अध्यक्ष थानसिंग साहू, उपाध्यक्ष नंद साहू, सचिव अशोक साहू, दीनबंधु साहू, अंगद साहू सहित रायपुर ग्रामीण जिले के अंतर्गत आने वाले सभी तहसीलों एवं 29 परिक्षेत्रों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और तमाम पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए समाज के उत्थान के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
विनोद गुप्ता-आरंग



