सरस्वती शिशु मंदिर आरंग में विद्यार्थियों ने निकाली भव्य कांवड़ यात्रा-बोलबम के जयकारों से गूंजा नगर
आरंग।सरस्वती शिशु मंदिर हाई स्कूल आरंग में शनिवार को भैया-बहनों द्वारा भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन हर्षोल्लास और भक्तिमय माहौल में किया गया। कांवड़ यात्रा का शुभारंभ डॉ. हेडगेवार बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर साहू, उपाध्यक्ष विनोद गुप्ता एवं सहसचिव तेजराम जलक्षत्रि द्वारा भगवान शिव और माता पार्वती के विधिवत पूजन-अर्चन के साथ हुआ। यात्रा विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर शास्त्री नगर, आरंग बस स्टैंड, नेताजी चौक, श्याम बाजार, आजाद चौक, बरगुड़ी पारा और मछली चौक से होते हुए बागेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में विद्यार्थियों के ‘बोलबम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से पूरा नगर शिवमय हो गया। यात्रा में कई भैया-बहन भगवान शिव और माता पार्वती की मनमोहक वेशभूषा में सजे हुए थे, जो सभी के आकर्षण का केंद्र रहे। बागेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर सभी विद्यार्थियों ने कतारबद्ध होकर श्रद्धापूर्वक बागेश्वर नाथ महादेव का जलाभिषेक किया।इस आयोजन में विद्यालय के व्यवस्थापक राजेश साहू, प्राचार्य गोविन्द साहू, समस्त आचार्य-दीदी, बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं पालकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी भैया-बहनों को खीर-पूड़ी, बूंदी और जलेबी का प्रसाद वितरित किया गया।
विनोद गुप्ता-आरंग




