आरोग्य मंदिर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
आरंग।जनपद पंचायत आरंग के अंतर्गत स्थित आरोग्य मंदिर खौली में 80वां स्वतंत्रता दिवस का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ ही समूचा परिसर ‘भारत माता की जय’ और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।ध्वजारोहण के उपरांत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रतिमा बंदे ने ग्रामीणों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आजादी का यह पर्व हमें अपने कर्तव्यों का बोध कराता है। एक स्वस्थ नागरिक ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकता है। आरोग्य मंदिर का मुख्य उद्देश्य गांव के हर व्यक्ति तक बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है, ताकि खौली को स्वस्थ और समृद्ध गांव बनाया जा सके।समारोह में सरपंच राजेंद्र टंडन सहित गांव के प्रमुख ऐनु भगत टंडन एवं राजेश निर्मलकर विशेष रूप से उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आर.ओ.एच. ललित साहू के साथ मितानिन उत्तरा चंद्राकर, निर्मला बंदे, नंदनी साहू, प्रमिला यादव, देवकी यादव, ऋतु निर्मलकर, शैलेन्द्री वर्मा, लता वर्मा तथा राजेश्वरी यादव की भी सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनों को मिष्ठान वितरण किया गया।
विनोद गुप्ता-आरंग




