राधा कृष्ण विद्या मंदिर में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वाँ स्वतंत्रता दिवस
आरंग। राधा कृष्ण विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, आरंग में देशभक्ति, उत्साह एवं उल्लास के साथ 80वाँ स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं माँ सरस्वती के छायाचित्र पर विधिवत पूजा-अर्चना, माल्यार्पण एवं कुमकुम तिलक के साथ किया गया। इसके पश्चात ध्वजारोहण किया गया तथा विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया गया।कार्यक्रम की अगली कड़ी में उपस्थित अतिथियों के सम्मान में विद्यार्थियों द्वारा मनमोहक स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती रीति शर्मा, सोनपिपरे रहीं तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती रश्मि शर्मा ने की। इस अवसर पर विद्यालय समिति के सर्वराकार सावन शुक्ला, विद्यालय के अध्यक्ष बृजेश अग्रवाल कोषाध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता, शिक्षक मिर्जा सर सदस्य सतीश चन्द्र अग्रवाल, अर्पित चौधरी, अरविंद गुप्ता एवं सुनील कुमार गुप्ता मनीष गुप्ता सहित विद्यालय के प्राचार्य श्रीमती निशा श्रीवास्तव एवं शिक्षक-शिक्षिकाएँ, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में कक्षा तीसरी से छठवीं तक के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत ‘पगड़ी संभाल जट्टा’ पर शानदार प्रस्तुति दी गई। इस प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों ने महान क्रांतिकारी शहीद भगत सिंह के त्याग, साहस एवं देश के लिए दिए गए बलिदान को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया तथा नई पीढ़ी को उनके देशप्रेम से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा शहीद चंद्रशेखर आजाद के जीवन एवं उनके अदम्य साहस पर आधारित प्रभावशाली नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने चंद्रशेखर आजाद के राष्ट्र के प्रति समर्पण, संघर्ष एवं सर्वोच्च बलिदान को जीवंत कर दिया। प्रस्तुति ने उपस्थित सभी लोगों में देशभक्ति की भावना को और प्रबल किया।वहीं कक्षा पहली के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने ‘ढोलक से दमदम’ गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति के माध्यम से भारत की विभिन्न संस्कृतियों, परंपराओं, रीति-रिवाजों एवं सांस्कृतिक विविधता की सुंदर झलक प्रस्तुत की गई। नन्हे बच्चों की मनमोहक प्रस्तुति ने सभी दर्शकों का मन मोह लिया और खूब तालियाँ बटोरीं।विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देशप्रेम, शहीदों के त्याग, भारतीय संस्कृति एवं राष्ट्रीय एकता की सुंदर झलक देखने को मिली। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना जागृत करने के साथ-साथ उन्हें भारत के स्वतंत्रता संग्राम के महान वीरों के जीवन, संघर्ष एवं बलिदान से परिचित कराना तथा अपनी समृद्ध संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति गौरव की भावना विकसित करना रहा।सम्पूर्ण कार्यक्रम उत्साह, अनुशासन एवं राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत रहा। स्वतंत्रता दिवस समारोह ने विद्यालय परिसर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया और सभी के मन में ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ की भावना को और मजबूत किया। सेवा एवं सहयोग की सराहनीय पहल
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि श्रीमती रीति शर्मा सोनपिपरे पूर्व अध्यक्ष अधिवक्ता संघ ने अपने पूजनीय पिताजी एवं पूर्व तहसीलदार स्वर्गीय श्री आर. एस. सोनपिपरे की स्मृति में विद्यालय के लिये ₹11,000 की सहयोग राशि भेंट की घोषणा की l उनके इस सराहनीय एवं प्रेरणादायी योगदान के लिए विद्यालय परिवार ने हृदय से आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले समस्त प्रतिभागियों को गीता प्रेस, गोरखपुर द्वारा प्रकाशित रोचक, प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक कहानी-पुस्तकों को पुरस्कार स्वरूप प्रदान किया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में पठन-पाठन के प्रति रुचि, नैतिक मूल्यों एवं ज्ञानवर्धक साहित्य के प्रति प्रेम विकसित करना रहा।
विनोद गुप्ता-आरंग




