आरंग में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस-स्कूली बच्चों ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां
आरंग। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आरंग नगर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल रहा। नगर के हाई स्कूल मैदान में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी नगर स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया।कार्यक्रम में चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव मिर्धा, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन और जनपद पंचायत अध्यक्ष टाकेश्वरी मुरली साहू ने ध्वजारोहण किया। समारोह की शुरुआत भव्य रूप से वंदेमातरम गायन एवं राष्ट्र गान तथा तिरंगे को सलामी देकर और राष्ट्रीय मशाल प्रज्वलन के साथ हुई। इस राष्ट्रीय एकता की मशाल प्रज्वलन में नगर के नेशनल और स्टेट खिलाड़ियों ने विशेष रूप से सहभागिता निभाई। और अमर शहीदों को नमन करते हुए गगनचुंबी देशभक्ति के नारे लगाए गए। आसमान में रंगीन गुब्बारे छोड़कर ‘स्वतंत्रता दिवस अमर रहे’ का संदेश प्रसारित किया गया, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।

अतिथियों ने अपने संबोधन में नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि आज का दिन देश की एकता, अखण्डता की गौरवशाली यात्रा से प्रेरणा लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने का है। समारोह के दौरान आरंग के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम और नाट्य प्रस्तुतियां दी गईं। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आरंग, सरस्वती शिशु मंदिर हाई स्कूल आरंग, पीएम श्री शासकीय अरुंधति देवी उत्कृष्ट विद्यालय आरंग, सृजन सोनकर हायर सेकेंडरी स्कूल आरंग और राधाकृष्ण विद्या मंदिर आरंग के छात्र-छात्राओं ने अपनी शानदार कला से सभी का मन मोह लिया।

समारोह के अंत में अनुभाग आरंग की ओर से सभी उत्कृष्ट प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही सोनू पुस्तक भंडार संचालक के सौजन्य से 5 वी , 8वी,10 वी में नगर में प्रथम फाल्गुनी साहू,सुहाना चंद्राकर, नीतिज्ञ शर्मा को चेक प्रदान किया गया।

इस अवसर पर नगरपालिका उपाध्यक्ष हिरामन कोसले, जनपद उपाध्यक्ष रविंद्र रिंकू चंद्राकर सहित समस्त सभापति गण, पार्षदगण, एल्डरमैन और गणमान्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति के साथ एसडीएम अभिलाषा पैकरा, तहसीलदार बाबूलाल कुर्रे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी राम संजीवन सोनवानी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी दिनेश शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, नागरिक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन अरविन्द वैष्णव ने किया तथा आभार प्रदर्शन CMO रामसजीवन सोनवानी ने किया।
विनोद गुप्ता-आरंग




