इस वार्ड में 26.17 लाख के नाली निर्माण कार्य का नगर पालिका अध्यक्ष डॉ संदीप जैन ने किया भूमि पूजन…
आरंग।नगर के विकास और बुनियादी ढाँचे को मजबूत करने के संकल्प के साथ आरंग नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने एक और महत्वपूर्ण विकास कार्य का भूमिपूजन किया। गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल के पास से लेकर एसएलआरएम सेंटर तक बनने वाली इस आरसीसी नाली निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। जिसकी कुल लागत 26.17 लाख रुपए है । इस निर्माण कार्य के पूरा होने से क्षेत्र में जल निकासी की व्यवस्था सुदृढ़ होगी और स्थानीय लोगों को लंबे समय से हो रही जलभराव की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।भूमिपूजन के अवसर पर डॉ. संदीप जैन ने कहा कि आरंग के हर वार्ड का समग्र विकास और जन-सुविधाओं का विस्तार करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल से एसएलआरएम सेंटर तक का यह मार्ग ड्रेनेज की उचित व्यवस्था न होने के कारण बारिश के दिनों में जलमग्न हो जाता था, जिससे स्कूली बच्चों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। जनता की इसी परेशानी को ध्यान में रखते हुए इस उच्च गुणवत्ता वाली आरसीसी नाली की स्वीकृति दी गई है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर और पूरी गुणवत्ता व पारदर्शिता के साथ कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए हैं।इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष हीरामन कोसले और स्थानीय वार्ड पार्षद खिलावन निषाद के अलावा वरिष्ठ भाजपा नेता के के भारद्वाज, सोसाइटी अध्यक्ष गणेश साहू, चैतराम पाल, खूबचंद साहू, वेदप्रकाश देवांगन, नरेन्द्र लल्ला साहनी, जगन्नाथ पाल, बसंती साहू, नागेंद्र विश्वकर्मा, टिकेश्वर धृतलहरे, प्रशांत नेभवानी और राकेश शर्मा, प्रभारी CMO हरीश मांझी, घनश्याम साहू सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी और गणमान्य नागरिक मौजूद थे। सभी उपस्थित जनों ने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए नगर पालिका प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए हर्ष जताया।
विनोद गुप्ता-आरंग



