इस अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कांग्रेसी पार्षदों ने खोला मोर्चा-ज्ञापन सौंप कर की FIR की मांग…
आरंग। नगर पालिका परिषद आरंग के कॉग्रेस पार्षदों ने शहर में धड़ल्ले से चल रहे अवैध प्लॉटिंग के खेल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को पार्षदों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी शीतल चंद्रवंशी को पत्र सौंपकर वार्ड क्रमांक 02 में हो रहे अवैध निर्माण और प्लॉटिंग पर तत्काल रोक लगाने तथा दोषियों पर FIR दर्ज करने की मांग की है। पार्षदों द्वारा सौंपे गए शिकायत पत्र के अनुसार, वार्ड क्रमांक 02 स्थित गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल के सामने खसरा नंबर 3362, 3363, 3316 और 3317 पर बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के बड़े पैमाने पर अवैध प्लॉटिंग की जा रही है।
पार्षदों की प्रमुख मांगें-
शिकायत पत्र में पार्षदों ने प्रशासन से निम्नलिखित कड़े कदम उठाने का आग्रह किया है:
निर्माण कार्य पर रोक-अवैध प्लॉटिंग स्थल पर बनाए गए अवैध रास्तों और संरचनाओं को तत्काल तोड़ा जाए।
चेतावनी बोर्ड-उक्त स्थल पर ‘अवैध प्लॉटिंग’ का सरकारी बोर्ड लगाया जाए ताकि आम जनता धोखाधड़ी का शिकार न हो।
जन जागरूकता-मुनादी कराकर स्थानीय नागरिकों को इस अवैध कार्य के प्रति सचेत किया जाए।
कानूनी कार्रवाई-पालिका अधिनियम के तहत अवैध प्लॉटिंग करने वाले भू-माफियाओं के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज की जाए।
पार्षदों का कहना है कि यदि प्रशासन इस पर जल्द कार्रवाई नहीं करता है, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे इस दौरान नेता प्रतिपक्ष शरद जीतू गुप्ता , पार्षद खिलावन निषाद , ईश्वर पटेल, समीर गौरी , पार्षद प्रतिनिधि सूरज सोनकर उपस्थित थे।
विनोद गुप्ता-आरंग



