विधायक चातुरी नंद के प्रयासों से मिली 3 सड़कों एवं कटंगी नाला में एनीकट हेतु लगभग 15 करोड़ की स्वीकृति

- वर्षों बाद पक्की सड़कों से जुड़ेंगे दुर्गम क्षेत्र के गांव
सरायपाली 12 फरवरी 2026 : विधायक चातुरी नंद के सतत प्रयासों से सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ एवं दुर्गम ग्रामों के लिए बड़ी सौगात मिली है। लोक निर्माण विभाग एवं जल संसाधन विभाग द्वारा महत्वपूर्ण सड़कों एवं एनीकट हेतु लगभग 15 करोड़ रुपये की विकास कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा तथा सिंचाई एवं जल संरक्षण को नई मजबूती मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार लखनपुर से दिवानपाली मार्ग पुल पुलिया सहित निर्माण
लंबाई 2.90 किमी के इस मार्ग के निर्माण हेतु ₹3.61 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है। सड़क निर्माण से दोनों गांवों के बीच सीधा और सुगम संपर्क स्थापित होगा। विद्यार्थियों, मरीजों एवं किसानों को विशेष रूप से लाभ मिलेगा। इसी तरह बड़े साजापाली से कर्राभनियाडीपा से हेड़सपाली पहुंच मार्ग (पुल-पुलिया सहित) 6 किमी लंबाई वाले इस महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग के लिए ₹4.99 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। पुल-पुलिया सहित निर्माण से यह सड़क वर्षभर आवागमन योग्य रहेगी और बरसात के मौसम में ग्रामीणों को आवागमन में आने वाली समस्याओं से राहत मिलेगी।
बुटीपाली – लोहारपाली – खैरजुड़ी मार्ग (पुल-पुलिया सहित) इस मार्ग के निर्माण हेतु ₹3.27 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। सड़क बनने से आसपास के गांवों को बेहतर संपर्क मिलेगा तथा कृषि उपज के परिवहन में सुविधा होगी, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।
इसी तरह जल संसाधन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार कटंगी नाला पर एनीकट निर्माण (ग्राम अमलडीह) के लिए ₹2.99 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। एनीकट निर्माण से जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, सिंचाई सुविधा में विस्तार होगा तथा भू-जल स्तर में सुधार आएगा, जिससे किसानों को दीर्घकालीन लाभ प्राप्त होगा।
विधायक चातुरी नंद ने मीडिया को जारी अपने बयान में कहा है कि “सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के दुर्गम और दूरस्थ गांवों का विकास मेरी प्राथमिकता रही है। लंबे समय से ग्रामीण पक्की सड़कों और सिंचाई सुविधा की मांग कर रहे थे। बरसात के दौरान संपर्क बाधित होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होती थी, मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पाता था और किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। आज इन विकास कार्यों की स्वीकृति से क्षेत्र की तस्वीर बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पुल-पुलिया सहित सड़कों का निर्माण सुनिश्चित करेगा कि वर्षभर आवागमन निर्बाध रहे। वहीं कटंगी नाला पर एनीकेट निर्माण से जल संरक्षण, सिंचाई और किसानों की आय वृद्धि में ठोस सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि मेरा संकल्प है कि सरायपाली विधानसभा का प्रत्येक गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़े। आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए मेरा प्रयास निरंतर जारी रहेगा और आने वाले समय में भी क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।”
उपरोक्त स्वीकृति मिलने पर छुईपाली ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तन्मय पंडा, बूटीपाली सरपंच रोहित साहू, सिंघोड़ा सरपंच रश्मि पंडा, टोपचंद पटेल, गिरवर वारे, विष्णु महंत, विधायक प्रतिनिधि दीपक साहू, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रूपानंद पटेल सहित क्षेत्रवासियों ने विधायक चातुरी के प्रति आभार प्रकट किया है।
