धार्मिक नगरी आरंग में मिलीं 150 वर्ष पुरानी दुर्लभ हस्तलिखित पांडुलिपियां-अधिकारियों ने भरी दोपहरी में पहुंचकर किया अवलोकन
आरंग।बुधवार को धार्मिक और पौराणिक नगरी आरंग में ज्ञानभारतम महाअभियान के तहत एक बड़ी और महत्वपूर्ण ऐतिहासिक सफलता हाथ लगी है। नगर के ब्राह्मण पारा निवासी पूर्व पार्षद प्रद्युम्न शर्मा (पुत्र स्वर्गीय कृष्ण कुमार शर्मा) के पैतृक आवास से लगभग 150 वर्ष से अधिक पुरानी दुर्लभ हस्तलिखित पांडुलिपियां और अनेक पुरानी पोथियां मिली हैं। ये अमूल्य धरोहर उनके दादा स्वर्गीय भगवताचार्य मन्नूलाल पौराणिक के समय की हैं, जिन्हें परिवार के लोगो ने आज भी बेहद सुरक्षित ढंग में सहेज कर रखा है। जिसमें हस्तलिखित एकादशी माहात्म्य, रुद्राष्टाध्याय, साखोचार , जगन्नाथ भजन एवं 1872 से 1874 अंतराल की अनेक दुर्लभ पोथियां शामिल है।रायपुर जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह,जिला पंचायत सीईओ कुमार विश्वरंजन एवं नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के कुशल निर्देशन में चल रहे ‘ज्ञानभारतम महाअभियान’ के तहत् प्रशासनिक टीम ने भरी दोपहरी में मौके पर पहुंचकर इन हस्तलिखित पांडुलिपियों का गहनता से अवलोकन किया। इस मौके पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अभिलाषा पैकरा, तहसीलदार ज्योति मसियारे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी दिनेश शर्मा, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी लाखेश्वर रात्रे व सर्वेक्षण टीम से नवाचारी शिक्षक गण अरविन्द कुमार वैष्णव व महेंद्र पटेल ने उपस्थित होकर अभिलेखों का संकलन व डिजिटलीकरण किया। वहीं एसडीएम पैकरा ने सर्वेक्षण टीम की प्रयासो को सराहना करते हुए संरक्षक प्रद्युम्न शर्मा ,वेदांत शर्मा,सिद्धांत शर्मा का आभार जताया।
विनोद गुप्ता-आरंग



