बड़ी खबर-रसनी टोल प्लाजा के पास सड़क किनारे खड़े कंटेनर से टकराई अर्टिगा, ओडिशा की महिला की मौत, 7 घायल
आरंग।नेशनल हाईवे-53 पर रसनी टोल प्लाजा के पास रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि 7 अन्य लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब इलाज के लिए रायपुर जा रहे एक परिवार की मारुति अर्टिगा कार सड़क किनारे खड़े कंटेनर ट्रक से पीछे से टकरा गई।
इलाज के लिए रायपुर जा रहा था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अर्टिगा कार (क्रमांक OD08V3993) में कुल 8 लोग सवार थे। यह सभी लोग ओडिशा के कालाहांडी जिले से रायपुर इलाज कराने के लिए आ रहे थे। रविवार तड़के करीब 4 बजे रसनी टोल प्लाजा के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़े कंटेनर ट्रक (क्रमांक CG04MG8876) में पीछे से जा घुसा।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर मची चीख-पुकार
टक्कर के बाद कार में सवार सभी 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से ओडिशा के कालाहांडी (थाना जूनागढ़, ग्राम मिचगा) निवासी रायमती (50 वर्ष) पति मनधर को अत्यधिक गंभीर चोटें आने के कारण उनकी जान चली गई।

पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही आरंग थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। आरंग पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विनोद गुप्ता-आरंग

