रायपुर ग्रामीण जिले में प्रमुख जन गोष्ठी संपन्न-सकारात्मक परिवर्तन लाने हेतु सक्रिय योगदान का लिया संकल्प
आरंग।संघ शताब्दी वर्ष के पांचवें कार्यक्रम के रूप में रायपुर ग्रामीण जिले में प्रमुख जन गोष्ठी का आयोजन कृष्णा पब्लिक स्कूल, नया रायपुर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रमुख जनों की सक्रिय सहभागिता रही।गोष्ठी में कुल 365 प्रमुख जनों की सहभागिता रही। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष की यात्रा को समाज के प्रमुख जनों तक पहुँचाने का उद्देश्य प्रमुख रूप से रखा गया। गोष्ठी में लगभग 10 विभिन्न श्रेणियों से जुड़े प्रमुख जन उपस्थित रहे, जिनमें सेवा प्रदाता, डॉक्टर, अधिवक्ता, वैज्ञानिक, अभियंता, सेवा निवृत्त सेना अधिकारी, रामायण मंडली, ग्राम प्रमुख, स्व-सहायता समूह, क्रीड़ा एवं कला क्षेत्र से जुड़े लोग सम्मिलित थे।कार्यक्रम में विभाग संघचालक धीरेन्द्र नशिने,रायपुर ग्रामीण जिला के संघचालक देवेंद्र सिंह ठाकुर,विभाग प्रचारक रोहित पाटीदार,विभाग कार्यवाह बलराम यदु,जिला कार्यवाह लोकनाथ साहू एवं सह कार्यवाह ईश्वर कन्नौजे,नरोत्तम मढ़रिया जिला के प्रमुख जन गोष्ठी की टोली और सभी नगर,खंड के प्रमुख जन उपस्थित रहे।गोष्ठी के वक्ता नरेंद्र जैन जी ने अपने उद्बोधन में संघ स्थापना के पूर्व से लेकर वर्तमान समय में संघ के व्यापक कार्यों पर प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, नागरिक कर्तव्य बोध और स्वदेशी पर सर्वप्रथम स्वयं अमल करने आग्रह किया. समापन राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ हुआ, जिसमें उपस्थित जनों ने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक परिवर्तन लाने हेतु सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
विनोद गुप्ता-आरंग

