ब्रह्माकुमारीज़ ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा ‘विश्व बंधुत्व रक्तदान महाअभियान’ का आयोजन आज
आरंग। छत्तीसगढ़ (21 अगस्त 2026): प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, आरंग द्वारा आज शुक्रवार, 21 अगस्त 2026 को ‘विश्व बंधुत्व रक्तदान महाअभियान’ का आयोजन किया जा रहा है। यह महाभियान ब्रह्माकुमारीज़ की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं पुण्य स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया है।
मानवता की सेवा के लिए प्रेरित इस अभियान के बारे में जानकारी देते हुए आयोजकों ने बताया कि यह रक्तदान शिविर आज सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक ‘अमर ज्योति भवन’, रेस्ट हाउस के सामने, गुढ़ियारी पारा, आरंग में संचालित है। यह अभियान 21 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक पूरे भारत और नेपाल में चलाया जा रहा है। रक्तदान के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया गया कि रक्तदान से न केवल किसी की जान बचाई जा सकती है, बल्कि यह हृदय स्वास्थ्य को बेहतर बनाने, मानसिक शांति प्रदान करने, रक्त संचार में सुधार करने और शरीर में नई रक्त कोशिकाओं के निर्माण में भी सहायक है।
ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान ने अधिक से अधिक लोगों से इस नेक कार्य में सम्मिलित होने और रक्तदान कर मानवता की सेवा का संकल्प लेने की अपील की है।
विनोद गुप्ता-आरंग




