लाखों की चोरी-नकदी और जेवरात लेकर चोर हुए फरार-डॉग स्क्वाड और एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं साक्ष्य
आरंग। आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम मोहमेला में शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर के एक सूने कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखे करीब 2 लाख रुपये नकद और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार ग्राम मोहमेला निवासी दयालु साहू के घर में यह वारदात हुई। रविवार सुबह चोरी की जानकारी मिलने पर परिवार के सदस्यों ने तत्काल आरंग पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वाड और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर जांच के निर्देश दिए। प्रार्थी के पुत्र मनीष साहू ने बताया कि घटना वाले दिन उनका छोटा भाई जितेंद्र साहू अपनी पत्नी के साथ ससुराल ग्राम भैंसा गया हुआ था। उसके कमरे में ताला लगा हुआ था। उसी कमरे की अलमारी में परिवार की महिलाओं के सोने-चांदी के जेवरात तथा करीब 2 लाख रुपये नगद रखे हुए थे। रात में परिवार के अन्य सदस्य अपने-अपने कमरों में सो गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोर घर में घुसे और सूने कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखी नकदी एवं जेवरात चोरी कर ले गए।
परिजनों के अनुसार चोरी हुए सामान में लगभग 4 तोला सोने का रानी हार, पुस्तैनी आभूषण सहित परिवार की महिलाओं के अन्य कीमती जेवर शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। डॉग स्क्वाड और एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के संदिग्धों, पुराने अपराधियों तथा अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस का दावा है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
विनोद गुप्ता-आरंग



