16वें वित्त आयोग की कार्ययोजना को लेकर विशेष सामान्य सभा आयोजित,ग्राम पंचायतों के विकास के लिए 1 करोड़ 20 लाख रुपये की कार्ययोजना तैयार

बागबाहरा, 21 सितंबर 2026। जनपद पंचायत बागबाहरा के सभा कक्ष में सोमवार को केंद्र सरकार द्वारा संचालित 16वें वित्त आयोग की कार्ययोजना के संबंध में विशेष सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जनपद पंचायत अध्यक्ष केशव नायकराम चंद्राकर ने की। इस अवसर पर उपाध्यक्ष तरुण व्यव्हार सहित मुख्य कार्यपालन अधिकारी मनहरण लाल मंडावी एवं जनपद पंचायत के सम्माननीय सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में 16वें वित्त आयोग के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को गति देने तथा मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। सदस्यों द्वारा ग्राम पंचायतों की आवश्यकता और प्राथमिकता के आधार पर विभिन्न विकास कार्यों को कार्ययोजना में शामिल करने पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में ग्राम पंचायतों के विकास के लिए कुल 1 करोड़ 20 लाख रुपये की राशि की कार्ययोजना तैयार की गई। कार्ययोजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ स्वीकृत कराए जाने और पंचायतों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया गया।

अध्यक्ष केशव नायकराम चंद्राकर ने कहा कि 16वें वित्त आयोग के माध्यम से प्राप्त राशि का उपयोग ग्राम पंचायतों की प्राथमिक आवश्यकताओं और विकास कार्यों के लिए किया जाना है। उन्होंने कार्ययोजना को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने तथा विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की आवश्यकताओं से संबंधित सुझाव रखे। बैठक के दौरान कार्ययोजना से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा के उपरांत आवश्यक प्रस्तावों पर सहमति बनी।
