विशेष-मानसिक स्वास्थ्य को लेकर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी पहल-मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं कराई जा रही है उपलब्ध-पढ़े पूरा अपडेट….
आरंग। गत दिनों मानसिक अवसाद से एक युवक द्वारा आत्महत्या किये जाने की खबर के बाद स्वास्थ विभाग मानसिक अवसाद से गुजर रहे लोगो के बड़ी पहल की है।
मानसिक स्वास्थ्य को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों को समय पर पहचान, परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य संस्थाओं में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया गया है। आरंग ब्लॉक में CHC से लेकर PHC एवं सब सेंटर स्तर तक मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। BMO आरंग डॉ. विजय लक्ष्मी अनंत ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज न करें और समय रहते संबंधित व्यक्ति को स्वास्थ्य संस्था तक पहुंचाएं। उन्होंने बताया कि CMHO डॉ. मिथलेश चौधरी के मार्गदर्शन एवं अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
CHC में Psychologist एवं Counsellor की सेवाएं
CHC स्तर पर Psychologist डॉ. सोनवानी एवं Counsellor डॉ. चंद्रशेखर राव द्वारा मानसिक तनाव, अवसाद, चिंता एवं अन्य मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को counselling एवं आवश्यक मार्गदर्शन दिया जा रहा है। यदि किसी व्यक्ति में लगातार उदासी या निराशा, किसी कार्य में रुचि समाप्त होना, नींद या भूख में बदलाव, अत्यधिक चिंता या घबराहट, लोगों से अलग-थलग रहना, चिड़चिड़ापन, व्यवहार में अचानक बदलाव अथवा लगातार नकारात्मक विचार जैसे लक्षण दिखाई दें, तो उसकी मानसिक स्वास्थ्य की प्रारंभिक स्क्रीनिंग एवं मूल्यांकन कराया जाना चाहिए।
आत्महत्या के विचार को मानें गंभीर संकेत
BMO ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति जीवन समाप्त करने, आत्महत्या करने अथवा स्वयं को नुकसान पहुंचाने की बात करता है, तो इसे बिल्कुल नजरअंदाज न करें। ऐसे व्यक्ति को अकेला न छोड़ें तथा परिवार के सदस्य या विश्वसनीय व्यक्ति के साथ तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य संस्था/CHC में ले जाकर मानसिक स्वास्थ्य मूल्यांकन एवं आवश्यक उपचार कराएं। ऐसे समय में व्यक्ति को डांटने या दोष देने के बजाय धैर्यपूर्वक उसकी बात सुनना और स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना बेहद जरूरी है।
NIMHANS Bengaluru से Tele-consultation की सुविधा
आवश्यकता पड़ने पर NIMHANS Bengaluru से Tele-consultation के माध्यम से विशेषज्ञ परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त जिला अस्पताल, पंडरी में “स्पर्श क्लिनिक” के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं संचालित हैं, जहां डॉ. शुक्ला सहित Psychologist एवं Counsellor सेवाएं दे रहे हैं। PHC एवं सब सेंटर स्तर पर भी NIMHANS Bengaluru से प्रशिक्षित चिकित्सकों द्वारा मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मानसिक बीमारी छिपाएं नहीं, समय पर कराएं उपचार
BMO डॉ. विजय लक्ष्मी अनंत ने कहा कि मानसिक बीमारी भी अन्य बीमारियों की तरह ही एक स्वास्थ्य समस्या है। इसके उपचार में शर्म या झिझक की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने आरंग ब्लॉक की आम जनता से अपील की कि अपने परिवार, पड़ोस एवं आसपास के लोगों में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी लक्षणों को पहचानें और जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर स्वास्थ्य संस्था तक पहुंचाएं।
“समय पर पहचान और समय पर उपचार—मानसिक स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल की पहली सीढ़ी है।”
विनोद गुप्ता-आरंग



