आरंग में धूमधाम से मनाया गया दशहरा-32 फीट ऊंचे रावण का हुआ दहन-आतिशबाजी और मेले का नागरिकों ने लिया आनंद
मन के काम, क्रोध और लोभ रूपी रावण का वध करना ही पर्व की असली सार्थकता-कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब
आरंग। नगर में इस वर्ष विजयदशमी का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और पारंपरिक गरिमा के साथ मनाया गया। दशहरा मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में नागरिकों का भारी जनसैलाब उमड़ा, जहां रावण दहन के साथ-साथ भव्य मेले और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि विजयदशमी असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “हम हर वर्ष रावण का पुतला दहन करते हैं, लेकिन इस पर्व की वास्तविक सार्थकता तभी है जब हम अपने भीतर छिपे काम, क्रोध, मद और लोभ रूपी रावण का वध करें।”मंच में श्री राम लक्ष्मण और हनुमान जी का अभिनंदन और पूजन किया गया।मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने दशहरा मैदान में घूम-घूमकर नागरिकों से भेंट की और सभी को विजयादशमी की बधाई दी।

समारोह को संबोधित करते हुए चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा एवं नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने भी नागरिकों को शुभकामनाएं दीं और समाज से सभी बुराइयों को मिलकर समाप्त करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।प्रशासन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में पारंपरिक रीति-रिवाजों का निर्वहन किया गया। मैदान में 32 फीट ऊंचे विशालकाय रावण के पुतले के समक्ष भगवान श्रीराम और दशानन रावण के बीच युद्ध प्रसंग का संक्षिप्त मंचन किया गया। इसके बाद विधिवत रावण दहन कर बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया।पुतला दहन के दौरान मैदान में शानदार आतिशबाजी की गई, जिससे पूरा आसमान सतरंगी छटा से जगमगा उठा। दहन के पश्चात परंपरा अनुसार नागरिकों ने एक-दूसरे को ‘सोनपत्ती’ (सोना पत्ती) भेंट कर गले मिलकर पर्व की बधाई दी। आयोजन स्थल पर लगे मेले और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का नगरवासियों ने भरपूर आनंद लिया। प्रशासन की सुव्यवस्थित व्यवस्था की भी नागरिकों ने सराहना की। कार्यक्रम का सफल संचालन घनश्याम साहू ने किया। इस अवसर पर बीजेपी आरंग मंडल के वरिष्ठ पदाधिकारी, पार्षदगण, विभिन्न जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नगरवासी उपस्थित रहे। प्रशासनिक व्यवस्था में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) राम सजीवन सोनवानी, थाना प्रभारी नरेश साहू सहित पुलिस और प्रशासन का अमला मुस्तैद रहा।
विनोद गुप्ता-आरंग



