श्रीमद्भागवत कथा का हुआ शुभारंभ-निकली भव्य कलश यात्रा
आरंग। ग्राम पंचायत गुखेरा में इन दिनों पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है, जहाँ चौहान परिवार की ओर से अपने दिवंगत पूर्वजों की पवित्र स्मृति में श्रीमद्भागवत अमृत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस अनुष्ठान के पहले दिन एक अत्यंत आकर्षक और भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामवासियों और परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कलश यात्रा के दौरान गूंजते भावपूर्ण भजनों और जय श्री राधे की मधुर धुनों ने पूरे गांव को भक्ति रस में सराबोर कर दिया, जिससे हर कोई आस्था के रंग में रंगा नजर आया।आयोजकों चुन्नी सिंह चौहान, कल्याणी चौहान, शेखर चौहान और माधुरी चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आत्मीय कथा आगामी पंद्रह अगस्त तक अनवरत जारी रहेगी। इस आध्यात्मिक महोत्सव में कथा का रसपान आचार्य कथा वाचक भेखू प्रसाद तिवारी (अकोलिकला) और परायणकर्ता संतोष दुबे द्वारा होगा तथा आयोजकों ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमियों से इस पावन अवसर पर उपस्थित होकर कथा का श्रवण करने और पुण्य लाभ अर्जित करने की विनम्र अपील की है।
विनोद गुप्ता-आरंग



