श्री रामलला दर्शन योजना-आरंग से अयोध्या धाम और काशी विश्वनाथ के लिए श्रद्धालुओं का दल रवाना-जनप्रतिनिधियों ने दिखाई हरी झंडी
आरंग। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी ‘श्री रामलला दर्शन योजना’ के अंतर्गत आरंग विधानसभा क्षेत्र से श्रद्धालुओं का एक दल अयोध्या धाम एवं काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए रवाना हुआ। जनपद पंचायत परिसर आरंग से आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने तीर्थ यात्रियों की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।तीर्थ यात्रियों की रवानगी के अवसर पर आरंग नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन, जनपद अध्यक्ष श्रीमती तारकेश्वरी मुरली साहू, भाजपा मंडल महामंत्री अशोक चंद्राकर, कृष्ण कुमार भारद्वाज, ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाई। सभी अतिथियों ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की। इस दौरान जनपद सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।राज्य के राम भक्तों के लिए शुरू की गई इस योजना के तहत प्रत्येक जिले से चयनित श्रद्धालुओं को विशेष आस्था ट्रेन के माध्यम से अयोध्या धाम में प्रभु श्री रामलला एवं वाराणसी में बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन कराए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं के लिए छत्तीसगढ़ से अयोध्या आवागमन, ठहरने, मंदिर दर्शन, नाश्ते एवं भोजन की निःशुल्क व सुव्यवस्थित व्यवस्था की गई है।यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की देखभाल के लिए ट्रेन में टूर एक्सपर्ट, सुरक्षा कर्मी और चिकित्सकों का दल भी मौजूद रहेगा।तीर्थ यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस पहल से उनका प्रभु श्री रामलला के दर्शन का वर्षों पुराना सपना साकार हो रहा है। उन्होंने इस जनकल्याणकारी व धार्मिक योजना के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
विनोद गुप्ता-आरंग




