संकुल के विद्यालयों में धूमधाम से मना रक्षाबंधन पर्व-छात्राओं ने बांधी स्नेह की राखी
आरंग। संकुल केंद्र खमतराई अंतर्गत शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला गुखेरा, शासकीय प्राथमिक शाला खमतराई और शासकीय विद्यालय भोथली में रक्षाबंधन का पावन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। विद्यालयों में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में छात्राओं ने अपने सहपाठी छात्रों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनकी दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। सांस्कृतिक प्रस्तुति और विशेष क्विज का आयोजन कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने ‘भैया मेरे राखी के बंधन को निभाना’ जैसे पारंपरिक गीतों की सुमधुर सामूहिक प्रस्तुति दी, जिससे समूचा विद्यालय परिसर आत्मीयता और उत्सव के माहौल से सराबोर हो गया। पर्व के उपलक्ष्य में प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक शाला गुखेरा में विशेष ‘फेस्टिवल एक्टिविटी क्विज’ का भी आयोजन हुआ, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
उपहारों का आदान-प्रदान
राखी बांधने की रस्म के बाद बहनों ने भाइयों का मुंह मीठा कराया। वहीं छात्रों ने भी अपनी सहपाठी बहनों के प्रति स्नेह प्रकट करते हुए उन्हें उपहार स्वरूप पेन, चाबी का छल्ला (की-रिंग) और रुमाल आदि भेंट किए।इस गरिमामय आयोजन में संकुल समन्वयक हरीश दीवान, प्रधानपाठक नर्सिंगदास मानिकपुरी, अरविंद वैष्णव, के. के. साहू, तारावती बंजारे एवं दिगम्बर बरीहा उपस्थित रहे। इसके साथ ही शिक्षक रामनारायण कन्नौजे, भूषण जलक्षत्रि, नोहरलाल यादव, फातिमा जांगड़े, सुंदर लाल साहू, कमल सिंह राठौर, विष्णु प्रसाद ध्रुव, अजीत जांगड़े, विनोद यादव, ममता तांडव और कृष्णा चंद्राकर सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए बच्चों को रक्षाबंधन पर्व के सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी।
विनोद गुप्ता-आरंग



