बड़ी खबर-नहर पुलिया पर चाकू की नोक पर 5 हजार की लूट-ग्रामीणों में दहशत
आरंग। आरंग विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कोसमखुटा में बेखौफ बदमाशों ने लूट की बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस व्यवस्था को चुनौती दी है। रक्षाबंधन पर्व से ठीक एक दिन पहले कोसमखुटा स्थित नहर पुलिया के पास तीन अज्ञात बाइक सवार युवकों ने एक व्यक्ति से चाकू की नोक पर 5 हजार रुपये लूट लिए और मौके से रफूचक्कर हो गए। सरेराह हुई इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल निर्मित हो गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम नारा निवासी प्रहलाद चंद्राकर कोसमखुटा नहर पुलिया के सामने से गुजर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार होकर पहुंचे तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने प्रहलाद चंद्राकर के गले पर धारदार चाकू टिका दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए उनकी जेब में रखे 5 हजार रुपये जबरन निकाल लिए। घटना को अंजाम देने के तुरंत बाद बदमाश अपनी बाइक से आरंग की ओर फरार हो गए। बता दें कि पीड़ित प्रहलाद चंद्राकर क्षेत्र के प्रसिद्ध खिलाड़ी आकाश चंद्राकर के पिता हैं। कॉमखुटा पिपरहट्टा और आरंग के आसपास के ग्रामीण इलाकों में पिछले कुछ समय से लूटपाट और असामाजिक गतिविधियों की शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं। विशेषकर सुनसान सड़कों और नहर पुल-पुलियों के पास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे राहगीरों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।घटना पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए जिला पंचायत सदस्य वतन चंद्राकर ने कहा कि मुख्य रास्तों और दिनदहाड़े इस तरह की वारदातों का होना पुलिस प्रशासन की गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि घटना की सूक्ष्मता से जांच कर आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए। साथ ही कोसमकोटा, पिपरहथा सहित पूरे आरंग क्षेत्र के संवेदनशील रास्तों और नहर पुलियों के पास नियमित गश्त व निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि आम जनता में सुरक्षा की भावना और अपराधियों में कानून का खौफ कायम हो सके।
विनोद गुप्ता-आरंग



