आरंग पुलिस की अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार-33 पाव शराब और बाइक जब्त
आरंग। थाना आरंग पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 33 पाव अवैध देशी शराब बरामद की है। एक मामले में शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दिलेपाल (45 वर्ष), पिता कार्तिक पाल, निवासी वार्ड क्रमांक 12, शीतला पारा, आरंग को घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 18 पौव्वा देशी मसाला शराब, कुल मात्रा 3.240 लीटर, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1,800 रुपये है, बरामद की गई। पुलिस ने शराब के परिवहन में प्रयुक्त एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 KX 2297 को भी जब्त किया है। इस मामले में थाना आरंग में अपराध क्रमांक 387, धारा 34(1)(b) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
वहीं, दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने जेठू राम बंजारे (63 वर्ष), पिता बुधारू बंजारे, निवासी ग्राम रसनी, थाना आरंग, जिला रायपुर को पकड़ा। उसके कब्जे से 15 पाव अवैध देशी शराब बरामद की गई। इस मामले में भी आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आरंग थाना प्रभारी नरेश साहू ने कहा कि थाना क्षेत्र में अवैध शराब और अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार पर पुलिस की लगातार निगरानी है। अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
विनोद गुप्ता-आरंग



