जनसंघर्ष रंग लाया-तीजा तिहार पर रायपुर-कोरबा पैसेंजर ट्रेन सेवा बहाल, 14 सितंबर से पटरी पर लौटेगी
रायपुर।छत्तीसगढ़ के प्रमुख लोकपर्व तीजा से पहले यात्रियों और आम जनता के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी और छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के संयुक्त प्रयासों और जनसंघर्ष के चलते दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने रायपुर से कोरबा के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 58204 को 14 सितंबर 2026 से पुनः शुरू करने का निर्णय लिया है।
ज्ञापन सौंपकर की गई थी मांग
तीजा तिहार के अवसर पर यात्रियों की भारी भीड़ और क्षेत्रीय आवागमन को ध्यान में रखते हुए बिलासपुर, रायपुर, कोरबा और बलौदा बाजार सहित कई जिलों के पदाधिकारियों ने मोर्चा खोला था। संगठन के प्रतिनिधियों ने स्थानीय स्टेशन प्रबंधकों के साथ-साथ बिलासपुर स्थित SECR मुख्यालय में महाप्रबंधक (GM) को ज्ञापन सौंपकर जनहित में इस महत्वपूर्ण ट्रेन को तत्काल बहाल करने की पुरजोर मांग की थी।
रेलवे प्रशासन ने लिया त्वरित संज्ञान
संगठन के इस हस्तक्षेप पर रेलवे प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लिया और यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए 14 सितंबर से परिचालन फिर से शुरू करने का आदेश जारी कर दिया।
क्षेत्रीय जनता में उत्साह
तीजा के मौके पर माताओं, बहनों और दैनिक यात्रियों को होने वाली असुविधा को देखते हुए यह फैसला बेहद राहत भरा माना जा रहा है। ट्रेन सेवा बहाल होने की घोषणा के बाद आम जनता और संगठन के कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने इसे जनएकता और संघर्ष की बड़ी जीत बताया है।
विनोद गुप्ता-आरंग



