समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की हुई शुरुवात-कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने पूजा-अर्चना कर किया कई केंद्रों का शुभारंभ-किसानों में उत्साह
आरंग।15 नवंबर: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की घोषणा के अनुरूप आज से रायपुर जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का विधिवत शुभारंभ हो गया है। जिले के विभिन्न उपार्जन केंद्रों पर पहले ही दिन किसानों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने स्वयं विभिन्न खरीदी केंद्रों का दौरा कर पूजा-अर्चना के साथ खरीदी प्रक्रिया की शुरुआत की और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जोरा स्थित धान उपार्जन केंद्र पहुंचकर पारंपरिक रीति-रिवाज से पूजा-अर्चना की और धान खरीदी का शुभारंभ किया। इसी क्रम में उन्होंने आरंग विकासखंड के मुंरेठी धान उपार्जन केंद्र में भी पूजा-अर्चना कर खरीदी कार्य की शुरुआत की।आरंग के नगपुरा धान उपार्जन केंद्र में भी उत्सव जैसा माहौल रहा। यहां कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रायपुर के उपाध्यक्ष अभिनेष कश्यप एवं नगर पंचायत चंदखुरी के अध्यक्ष प्रतीक बैस ने संयुक्त रूप से विधिवत पूजा-अर्चना कर धान खरीदी प्रारंभ की। इस दौरान कलेक्टर ने व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच करते हुए स्वयं नमी मापक यंत्र (मॉइस्चर मीटर) से धान की नमी का परीक्षण किया और तौल प्रक्रिया में भी हिस्सा लिया।जिले के सभी उपार्जन केंद्रों पर किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन द्वारा विशेष प्रबंध किए गए हैं। केंद्रों पर शुद्ध पेयजल, छाया, बैठने की समुचित व्यवस्था सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिससे किसान सुगमतापूर्वक अपनी उपज बेच सकें।शुभारंभ के इन कार्यक्रमों में अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, आरंग एसडीएम रवि सिंह, डीसीसीबी से भूपेश चंद्रवंशी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
विनोद गुप्ता-आरंग





