सरस्वती शिशु मंदिर हाई स्कूल में अभिभावक बैठक संपन्न-बच्चों की शिक्षा और अनुशासन पर हुई चर्चा
आरंग।स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर हाई स्कूल में अभिभावक-शिक्षक बैठक का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माताओं द्वारा माँ सरस्वती, ॐ और भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। बैठक के दौरान अभिभावकों ने बच्चों के पठन-पाठन से जुड़ी समस्याओं को विस्तार से सामने रखा। इसमें मुख्य रूप से बच्चों को विषयों को समझने में आने वाली कठिनाइयों और घर पर माता-पिता की बात न मानने जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। इसके साथ ही, आचार्यों द्वारा बच्चों के बेहतरीन परिणाम के लिए आवश्यक तैयारियों और रणनीतियों पर भी चर्चा की गई।विद्यालय प्रबंध समिति के व्यवस्थापक राजेश साहू ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों को समय निकाल कर गृहकार्य कराएं और विभिन्न विषयों पर घर पर तैयारी करवाएं, तभी परिणाम उत्कृष्ट होगा। उन्होंने कहा कि आचार्यों के साथ-साथ अभिभावकों की भी बहुत बड़ी जिम्मेदारी है कि वे बच्चों की पढ़ाई पर विशेष तौर पर ध्यान दें। इस बैठक में प्रबंध समिति के सदस्य कौशल चंद्राकर भी उपस्थित रहे। अंत में प्राचार्य गोविन्द साहू ने बैठक में पधारे सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।
विनोद गुप्ता-आरंग



