पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने ‘गोठ-बात’ में सुनी नागरिकों की समस्याएं-दिए समाधान के निर्देश
आरंग। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने शनिवार को पुराने नगर पालिका भवन में नागरिकों से ‘गोठ-बात’ कर उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण की दिशा में सार्थक पहल की। इस दौरान नगर के व्यापारी बंधुओं ने पालिका अध्यक्ष से सौजन्य भेंट कर आरंग के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए महत्वपूर्ण सुझाव रखे।व्यापारियों ने मुख्य रूप से नगर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने, सड़कों के गड्ढों की मरम्मत कराने तथा सड़कों पर बेतरतीब खड़ी गाड़ियों—जिससे आवागमन बाधित होता है—पर अंकुश लगाने की बात कही। इसके साथ ही डिवाइडरों पर फैले पेड़ों की टहनियों की छंटाई कराने का सुझाव भी दिया गया, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को असुविधा न हो।’गोठ-बात’ के दौरान वार्ड क्रमांक 17 में पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने का मामला सामने आया। नागरिकों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए डॉ. संदीप जैन ने तत्काल संज्ञान लिया और बिना देरी किए नया मोटर पंप लगाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। पालिका अध्यक्ष ने नागरिकों को आश्वस्त किया कि नगर की मूलभूत सुविधाओं और स्वच्छता-यातायात से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
विनोद गुप्ता-आरंग



