महासमुंद: संजय कानन के पास दर्दनाक सड़क हादसा, युवक की मौके पर मौत

महासमुंद। नेशनल हाईवे-353 पर रविवार रात करीब 11 बजे संजय कानन के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार बाइक यू-टर्न ले रही एक कार से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर गिर पड़ा, तभी पीछे से आ रही एक आयशर वाहन की चपेट में आने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान सलमान खान, उम्र 34 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 8, पिरदा (महासमुंद) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सोहम हॉस्पिटल के पास स्थित एक कार्यालय में किसी काम से जा रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया।घटना की सूचना मिलते ही महासमुंद कोतवाली पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
