सरस्वती शिशु मंदिर में धूमधाम से मना जन्माष्टमी उत्सव-नन्हे-मुन्नों ने बिखेरी गोकुल की छटा-मीनार बनाकर फोड़ी मटकी
आरंग।स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर हाई स्कूल, आरंग में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया।कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य रूप से उपस्थित लक्षवंतीन कोशले, लक्ष्मी साहू एवं पूजा गिलहरे द्वारा मां सरस्वती, ओंकार, भारत माता और भगवान श्री कृष्ण के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।उत्सव के दौरान विद्यालय परिसर पूरी तरह गोकुल धाम के रंग में रंगा नजर आया। विद्यालय के नन्हें भैया-बहन भगवान श्री कृष्ण और राधा रानी की मनमोहक वेशभूषा में सजकर पहुंचे थे। इस अवसर पर भैया-बहनों द्वारा भावपूर्ण नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। इसके बाद माताओं, दीदियों और विद्यार्थियों ने मिलकर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।कार्यक्रम के अंतिम चरण में कक्षा नवमीं और दसवीं के छात्रों द्वारा परंपरागत रूप से उत्साहपूर्वक मानव मीनार बनाकर मटकी फोड़ प्रतियोगिता को संपन्न किया गया, जिसने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के व्यवस्थापक राजेश साहू ने सभी को पर्व की बधाई दी और भगवान श्री कृष्ण की बाल लीलाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने गीता के श्लोक “यदा यदा हि धर्मस्य ग्लानिर्भवति भारत…” का उल्लेख करते हुए कहा कि जब-जब धर्म की हानि होती है और अधर्म बढ़ता है, तब-तब धर्म की रक्षा और स्थापना के लिए ईश्वर का अवतरण होता है।इस गरिमामयी अवसर पर डॉ. हेडगेवार बाल कल्याण समिति के उपाध्यक्ष विनोद गुप्ता, सह सचिव तेजराम जलक्षत्रि और कार्यकारिणी सदस्य कृष्ण कुमार भारद्वाज विशेष रूप से उपस्थित रहे।कार्यक्रम का सफल मंच संचालन विद्यालय की सांस्कृतिक प्रभारी सुषमा तिवारी ने किया। अंत में विद्यालय के प्राचार्य गोविंद साहू ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं आचार्य परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।
विनोद गुप्ता-आरंग



