बद्री प्रसाद लोधी स्नातकोत्तर शासकीय महाविद्यालय में उत्साह के साथ मनाया गया ‘हिंदी दिवस’
आरंग।बद्री प्रसाद लोधी स्नातकोत्तर शासकीय महाविद्यालय, आरंग में 17 एवं 18 सितंबर को हिंदी दिवस के अवसर पर दो दिवसीय विविध कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति प्रेम, सम्मान और जागरूकता उत्पन्न करना तथा उन्हें हिंदी की समृद्ध साहित्यिक व सांस्कृतिक परंपरा से परिचित कराना था।कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अभया जोगलेकर की गरिमामयी उपस्थिति में हुई। हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. एल. पी. शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में डॉ. लाल, डॉ. अंशुमाला, डॉ. ज्ञानेश शुक्ला और डॉ. धर्मेंद्र घृतलहरे सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने हिंदी भाषा के महत्व, इसकी समृद्ध साहित्यिक परंपरा और वर्तमान समय में इसकी उपयोगिता पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि हिंदी केवल आपसी बातचीत या संप्रेषण का माध्यम भर नहीं है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, संवेदना और विविधता को अभिव्यक्त करने वाली एक सशक्त भाषा है। इस दौरान विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग तथा इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, हिंदी लिपि की विकास यात्रा और हिंदी भाषा व साहित्य से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दो दिवसीय आयोजन में विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मकता व अभिरुचि का परिचय दिया। कार्यक्रम का सफल और प्रभावी मंच संचालन मनोहर मारकंडे द्वारा किया गया, जिन्होंने सभी गतिविधियों और वक्ताओं का सुव्यवस्थित परिचय कराया।यह दो दिवसीय आयोजन विद्यार्थियों के मन में हिंदी भाषा के प्रति गौरव और आत्मीयता की भावना को और अधिक मजबूत करने में सफल रहा। कार्यक्रम का समापन भविष्य में हिंदी के प्रचार-प्रसार तथा इसके अधिकाधिक दैनिक प्रयोग के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
विनोद गुप्ता-आरंग



