16 साल बाद मिले गुरु और शिष्य, खल्लारी में भावुक रहा पुनर्मिलन समारोह

खल्लारी। शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल खल्लारी में 2009 – 2010 बैच के पूर्व छात्र – छात्राओं द्वारा 16 साल बाद गुरु – शिष्य मिलन समारोह का आयोजन किया गया। जहां 16 तारीख को आयोजित इस सुखद मिलन में बचपन की सुनहरी यादें ताजा हो उठीं। समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त शिक्षक सेवनलाल चन्द्राकर, विशिष्ट अतिथि पवित्रो यादव एवं प्रधान अध्यापिका सुश्री सविता चन्द्राकर उपस्थित रहीं। इसके साथ ही व्याख्याता लक्ष्मीधर चन्द्राकर, भूषण लाल सिरमौर, मनोज साहू, हेमालाल साहू सहित समस्त गुरुजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। पूर्व छात्रों ने सभी गुरुजनों का पुष्पगुच्छ, श्रीफल और शाल भेंट कर सम्मान किया।

इस अवसर पर विद्यालय के दिवंगत शिक्षक स्व. वाय.के. चन्द्राकर और स्व. लखनलाल चन्द्राकर को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन धारण कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। गुरुजनों ने भी सभी पूर्व विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत किया और कहा कि शिक्षक और विद्यार्थी का रिश्ता समय के साथ समाप्त नहीं होता बल्कि और गहरा होता जाता है। गुरु के लिए इससे बड़ा सम्मान और क्या हो सकता है, कि उसके शिष्य वर्षों बाद भी उसे प्रेम और सम्मान से याद करें। भावुक पलों के बीच पुरानी यादों को साझा किया गया। कार्यक्रम में नोमेन्द्र साहू, संतोष सांवरा, राजकिशोर सिन्हा, विकासदास वैष्णव, ज्योति चन्द्राकर, आरती सिन्हा, गुंजा साहू, भूमिका चन्द्राकर सहित समस्त पूर्व छात्र – छात्राओं का विशेष सहयोग सराहनीय रहा।
