नरदहा–चंद्रखुरी मार्ग पर आबकारी विभाग की कार्रवाई-झारखंड की 30.3 बल्क लीटर देशी शराब जब्त
रायपुर।10 अक्टूबर 2026/ कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश और उपायुक्त आबकारी प्रवीन वर्मा के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग ने नरदहा–चंद्रखुरी मार्ग पर कार्रवाई करते हुए झारखंड राज्य की 30.3 बल्क लीटर देशी शराब जब्त की। शराब का परिवहन मोटरसाइकिल से किया जा रहा था। मामले में झारखंड निवासी आरोपी राजेश प्रसाद सिंह (54 वर्ष), निवासी सेक्टर 9डी, बोकारो स्टील प्लांट, जिला बोकारो को गिरफ्तार किया गया है।सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष सिंह के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में 21 अद्धी और 120 पाव देशी शराब जब्त की गई। शराब की अनुमानित बाजार कीमत 6,765 रुपये तथा जब्त मोटरसाइकिल की कीमत लगभग 45 हजार रुपये बताई गई है। शराब पर “For Sale in Jharkhand” अंकित था।आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2), 36 एवं 59(क) के तहत एक प्रकरण कायम किया गया है। कार्रवाई में सब-इंस्पेक्टर विक्रम ठाकुर, अरविंद साहू, मुख्य आरक्षक संतोष गुप्ता, आरक्षक विवेक श्रीवास्तव, सुरेश सूर्यवंशी एवं श्रीमती इंदु भास्कर तथा वाहन चालक अविनाश थुल का सराहनीय योगदान रहा।
विनोद गुप्ता-आरंग



