मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की पहल-बाराडेरा धाम में ₹50 लाख से अधिक के विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन
आरंग। सतनामी समाज की आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक परंपरा के प्रमुख केंद्र बाराडेरा धाम स्थित अमृत सरोवर तालाब में ₹50 लाख से अधिक की लागत से पचरी एवं सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। मंत्री एवं सतनामी समाज के गुरु, गुरु खुशवंत साहेब की विशेष पहल पर होने वाले इन विकास कार्यों से धाम में आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को आधुनिक व सुगम सुविधाएं मिल सकेंगी। कार्यक्रम की शुरुआत परम पूज्य गुरु घासीदास बाबा जी एवं परम पूज्य गुरु अमरदास बाबा जी के स्मरण के साथ की गई।भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि बाराडेरा धाम सतनामी समाज की आध्यात्मिक चेतना का केंद्र है और ऐसे पवित्र स्थलों का संरक्षण व संवर्धन हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। अमृत सरोवर तालाब में पचरी एवं सीसी रोड के निर्माण से दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन और पूजा-अर्चना में बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों का विकास केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक विरासत और आस्था को सहेजने का माध्यम है। उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में आरंग विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व के स्थलों को संवारने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। जनसेवा, सामाजिक समरसता और आस्था के सम्मान के साथ आरंग विधानसभा क्षेत्र को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाना ही हमारा मुख्य लक्ष्य है।इस महत्वपूर्ण अवसर पर धरसीवां विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, सतनामी समाज एवं सतनाम सेना के अधिकारी-कर्मचारी तथा गुरु अमरदास सत्संग समिति के पदाधिकारी एवं सदस्यगण प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इस पहल से बाराडेरा धाम की गरिमा और सौंदर्यीकरण में वृद्धि होगी, जिससे क्षेत्र की धार्मिक व सांस्कृतिक पहचान को भी एक नई मजबूती मिलेगी।
विनोद गुप्ता-आरंग



