रेत कला से साकार की छत्तीसगढ़ महतारी-कलाकार हेमचंद साहू ने दिया राज्य की संस्कृति को सम्मान
आरंग। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आरंग के रेत कलाकार एवं मूर्तिकार हेमचंद साहू ने रेत से छत्तीसगढ़ महतारी की अद्भुत कलाकृति तैयार कर अपनी कला का अनूठा प्रदर्शन श्री राधा कृष्ण मंदिर आरंग में किया। एक नवंबर को छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण की वर्षगांठ के अवसर पर बनाई गई यह रचना लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।।कलाकृति में छत्तीसगढ़ महतारी को पारंपरिक स्वरूप में दर्शाया गया है। इसके साथ छत्तीसगढ़ की संस्कृति, धार्मिक आस्था और ग्रामीण जीवन की झलक भी रेत के माध्यम से उकेरी गई है। कलाकृति के पृष्ठभूमि में राज्य का नक्शा, मंदिरों की आकृतियां, धान की फसल तथा ग्रामीण परिवेश को दर्शाया गया है। सामने वाद्य यंत्रों और अन्य ग्रामीण प्रतीकों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को अभिव्यक्त किया गया है।
कलाकार हेमचंद साहू ने बताया कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और गौरव को रेत कला के माध्यम से प्रदर्शित करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी की यह रचना प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और माटी से जुड़े लोगों को समर्पित है।रेत से इतनी बारीकी और आकर्षक ढंग से तैयार की गई इस कलाकृति को देखने के लिए लोग पहुंच रहे हैं और कलाकार के प्रयास की सराहना कर रहे हैं।
विनोद गुप्ता-आरंग



